व्यापारियों का खेल महाकुंभ: जॉन डियर टीम बनी चैंपियन, महिलाओं के मुकाबले ने बढ़ाया रोमांच

ग्वालियर

ग्वालियर

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ग्वालियर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन केप्टन रूपसिंह स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने व्यापारियों को एक मंच पर लाकर एकजुटता और सहयोग का संदेश दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नारायन सिंह कुशवाह ने कहा कि व्यापारियों द्वारा इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय है और यह उन्हें संगठित करने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।
इस अवसर पर डीआईजी अमित सांघी एवं कैट जबलपुर अध्यक्ष राजीव बडेरिया ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। डीआईजी सांघी ने कहा कि कैट ने एक राष्ट्रीय व्यापारिक संगठन के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।
कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने बताया कि महिला विंग ग्वालियर एवं डबरा के बीच हुआ मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें ग्वालियर महिला टीम विजेता एवं डबरा टीम उपविजेता रही।
मुख्य प्रतियोगिता में 8 टीमों के बीच हुए मुकाबलों में जॉन डियर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “कैट किंग्स क्रिकेट कप” जीता, जबकि मोहित ज्वेलर्स (स्टाइगर टीम) उपविजेता रही। वहीं डबरा और शिवपुरी पुरुष टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में डबरा टीम ने विजय हासिल कर कप अपने नाम किया।
समारोह में सीआरपीएफ डीआईजी अशोक चौरसिया, टीआई इंदरगंज दीप्ती तोमर, टीआई कोतवाली मोहिनी वर्मा, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर मुनेश सिकरवार, कैट जिला अध्यक्ष रवि गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन समिति के मुख्य संयोजक आकाश जैन के नेतृत्व में संयोजक राहुल अग्रवाल, सचिन राजपूत, अंशुल गुप्ता, गोपाल जायसवाल, रीना गांधी, विवेक जैन, निरूपमा मालपानी एवं दिलीप पंजबानी सहित पूरी टीम ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में कैट सदस्य परिवारों के लिए भव्य भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें लगभग 3000 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *