विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही शुरू, नरेंदर सरेंडर के लगे नारे

देश विदेश

नई दिल्ली

स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव पर आज भी चर्चा, गृह मंत्री शाह करेंगे सदन को संबोधित
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के तीसरे दिन बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। प्रश्नकाल के दौरान ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा करते हुए नरेंदर सरेंडर के नारे लगाए। सदन में लोकसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज दूसरे दिन भी चर्चा जारी रहने वाली है। इस प्रस्ताव पर कुल 10 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है, जिसमें मंगलवार को करीब सात घंटे तक बहस हो चुकी है।
आज की कार्यवाही के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में अपनी बात रखेंगे। माना जा रहा है कि वे विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देंगे और सरकार का पक्ष स्पष्ट करेंगे।
मंगलवार को बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्षी दलों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर सदन की कार्यवाही में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। विपक्ष का आरोप है, कि अध्यक्ष सदन के संचालन में निष्पक्षता नहीं बरत रहे हैं और सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। प्रस्ताव को 50 से अधिक सांसदों का समर्थन मिला, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने इसे सदन में पेश करने और इस पर चर्चा की अनुमति दे दी।
बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बार-बार बोलने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 20 बार राहुल गांधी को टोका गया और उन्हें रूल बुक दिखाकर बैठने के लिए कहा गया। गोगोई ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है और स्पीकर को निष्पक्ष रहकर सदन का संचालन करना चाहिए।
वहीं सरकार ने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि बिरला निष्पक्षता के साथ सदन की कार्यवाही का संचालन कर रहे हैं और सभी सदस्यों को नियमों के अनुसार बोलने का अवसर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *