कागजों में बनी सड़कें

शिवपुरी

शिवपुरी

कागजों में बनी सड़कें, जमीनी हकीकत पर गायब RES विभाग पर लाखों के भ्रष्टाचार के आरोप
रशीद खान

शिवपुरी। जिले में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे सुदूर एवं एप्रोच सड़कों के निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। हालात यह हैं कि जिन सड़कों को कागजों में निर्माणाधीन बताया जा रहा है, मौके पर उनका कोई अस्तित्व ही नहीं है। दैनिक हृदय स्तंभ टीम द्वारा रविवार को पोहरी जनपद पंचायत अंतर्गत आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में स्वीकृत सड़कों का हाल जाना। इस दौरान ग्राम पंचायत भटनावर सहित कई स्थानों पर सड़कों के नाम पर बड़े स्तर पर गड़बड़ी उजागर हुई।

मौके पर नहीं सड़क, कागजों में पूरा निर्माण
भटनावर से बगवासा गांव तक 2.52 किलोमीटर लंबी सुदूर सड़क जिसकी लागत 57लाख 53 हजार का निर्माण वर्ष 2021-22 में स्वीकृत किया गया था। इस सड़क के साथ तीन पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित था। लेकिन मौके पर न तो सड़क दिखाई दी और न ही निर्धारित पुलिया। केवल दो जर्जर रपटे मिले, जो निर्माण की गुणवत्ता और वास्तविकता पर सवाल खड़े करते हैं।

57.5 लाख स्वीकृत, 16.83 लाख खर्च, फिर भी काम शून्य
इस सड़क के लिए कुल 57.5 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें से 16.83 लाख रुपए खर्च भी दर्शाए गए हैं। बावजूद इसके, जमीन पर कोई ठोस निर्माण कार्य नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी राशि में एक अच्छी सड़क तैयार हो सकती थी, लेकिन यहां केवल औपचारिकता निभाई गई।
न गिट्टी, न मुरम सिर्फ मिट्टी का खेल
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण के नाम पर केवल जेसीबी से थोड़ी बहुत मिट्टी डालकर कार्य पूरा दिखा दिया गया। न तो गिट्टी डाली गई और न ही मुरम का उपयोग किया गया, जिससे सड़क पर चलना भी मुश्किल हो रहा है।

ग्रामीणों में आक्रोश, जिम्मेदारों पर मिलीभगत के आरोप
मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने पंचायत के सरपंच, सचिव और विभागीय इंजीनियरों पर मिलीभगत कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई।
जांच की मांग तेज
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार उजागर हो सकता है। वहीं, इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।

इनका कहना है
इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ विजय राज नागर ने कहा, यदि मौके पर कार्य नहीं हुआ है तो संबंधित आरईएस अधिकारियों से जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी।
विजय राज नागर, जिला पंचायत सीईओ शिवपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *