शिवपुरी
शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन और रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त स्वास्थ्य शिविर के दौरान पहली बार रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। केंद्रीय मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सर्जरी का निकट से अवलोकन किया। यह देश में किसी स्वास्थ्य शिविर में पहली बार हुई अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी है।
स्वास्थ्य शिविर में उपचार के लिए आए हर्निया मरीज का ऑपरेशन डॉ. मेहक भंडारी और उनकी टीम ने किया। रोबोटिक तकनीक के माध्यम से मिनिमली इनवेसिव सर्जरी की गई, जिससे मरीज को कम दर्द और शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिली।
सिंधिया ने कहा कि इस प्रकार की विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक को ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचाना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने चिकित्सकों की टीम की सराहना की और कहा कि यह आधुनिक उपचार सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाने का एक नया अध्याय है।
