जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 82 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू

ग्वालियर

ग्वालियर

कलेक्टर का निर्देश—पूरी गंभीरता से निभाएं संवैधानिक दायित्व
जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बाल भवन में बुधवार से 82 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के बाद ये ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
उद्घाटन सत्र में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने कहा कि जनगणना विश्व का सबसे बड़ा प्रशासनिक कार्य है और यह पूरी तरह संवैधानिक दायित्व है, जिसे गंभीरता और मुस्तैदी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला जनगणना अधिकारी अनिल बनवारिया, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, जनगणना कार्यालय भोपाल से राकेश मीणा एवं मुख्य प्रशिक्षक एस.बी. ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग किसी भी मंच पर साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा। आमजन को बिना संकोच सही जानकारी देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस बार जनगणना पहली बार डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है, जिसके तहत वे निर्धारित पोर्टल पर 34 बिंदुओं पर स्वयं जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।
जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में 01 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण फरवरी 2027 में संपन्न होगा।
जिले में इस कार्य के लिए लगभग 6 हजार अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जिनमें करीब 5 हजार प्रगणक और 829 पर्यवेक्षक शामिल हैं। मकान सूचीकरण के दौरान 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें आवास, पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट, मोबाइल और वाहन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
जनगणना अधिनियम 1948 के तहत यह कार्य अनिवार्य है और सभी नागरिकों के लिए सही जानकारी देना आवश्यक होगा। जनगणना से प्राप्त आंकड़े योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और परिसीमन जैसे कार्यों का आधार बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *