इंदौर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: महिला उपयंत्री 15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

राज्य

इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर की महिला उपयंत्री को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी उपयंत्री सावित्री मुवेल ने ग्राम पंचायत यशवंत नगर में सीसी रोड निर्माण कार्य के भुगतान की स्वीकृति के बदले रिश्वत की मांग की थी। इस मामले की शिकायत ग्राम पंचायत सचिव रमेशचन्द्र चौहान ने लोकायुक्त कार्यालय में की थी।
बताया गया है कि ग्राम पंचायत यशवंत नगर में 15वें वित्त आयोग मद से 4,52,000 रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। इस कार्य के भौतिक सत्यापन और माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज करने के एवज में उपयंत्री द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद राजेश सहाय (पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त) के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप दल का गठन किया गया। यह कार्रवाई रेनू अग्रवाल के नेतृत्व में की गई, जिसमें लोकायुक्त टीम के कई अधिकारी और आरक्षक शामिल रहे।
योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई में आरोपी उपयंत्री को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि योगेश देशमुख (महानिदेशक, लोकायुक्त) द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत लगातार ऐसी कार्रवाइयां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *