ग्वालियर जू में नन्ही खुशियों की दस्तक, सफेद टाइगर ‘मीरा’ बनी मां

ग्वालियर

ग्वालियर

तीन शावकों का जन्म, वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि
नगर निगम द्वारा संचालित गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में रविवार को खुशी का माहौल देखने को मिला, जब मादा सफेद टाइगर ‘मीरा’ ने तीन शावकों को जन्म दिया। दोपहर करीब 2 बजे हुए इस जन्म के बाद जू प्रबंधन में उत्साह का वातावरण है।
चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उपेंद्र यादव ने बताया कि जन्मे शावकों में दो रॉयल बंगाल (पीले) और एक सफेद टाइगर शामिल है। इस नए आगमन के साथ ही चिड़ियाघर में टाइगरों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जिनमें 4 सफेद और 6 रॉयल बंगाल टाइगर हैं।
जू क्यूरेटर गौरव परिहार के अनुसार, ‘मीरा’ और उसके तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। ‘मीरा’ को फिलहाल हल्का आहार दिया जा रहा है, ताकि उसकी सेहत बनी रहे और शावकों की देखभाल बेहतर ढंग से हो सके।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर नवजात शावकों की विशेष निगरानी की जा रही है। उन्हें निर्धारित अवधि तक आइसोलेशन में रखा जाएगा और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा रही है।
चिड़ियाघर प्रशासन द्वारा केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के सभी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन किया जा रहा है।
यह उपलब्धि न केवल जू प्रबंधन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को भी नई मजबूती प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *