हनुमान जयंती उत्सव से समाज में सुख-समृद्धि व गुरु कृपा की प्रेरणा मिलती है: नरेंद्र सिंह तोमर

ग्वालियर

ग्वालियर

विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न हनुमान मंदिरों में की पूजा-अर्चना, संतों से लिया आशीर्वाद
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने हनुमान जयंती के अवसर पर ग्वालियर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर भगवान श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री तोमर प्रातः ग्राम रिठौरा कला स्थित चोवेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित जन्मोत्सव समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। इसके उपरांत वे त्यागी बाबा मंदिर आश्रम, त्यागी नगर मुरार पहुंचे, जहां संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात पड़ाव स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए, जहां मंदिर समिति व श्रद्धालुओं ने उनका भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री तोमर ने कहा कि भगवान हनुमान जी ने सदैव मानव समाज को नैतिकता, गुरु कृपा प्राप्त करने तथा गुरु के आदेशों का अक्षरशः पालन करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती का पर्व हमें धर्म एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने से व्यक्ति स्वयं को प्रभु कृपा का पात्र बना सकता है तथा समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना एवं उत्सव मनाने से समाज में सुख-समृद्धि, शांति एवं व्यापार में उन्नति के अवसर प्राप्त होते हैं।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक जैन, अशोक जादौन, वरिष्ठ नेता जगदीश पाठक (रिठौरा), शुभाष शर्मा, हर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *