ग्वालियर
सीवर, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर अधिकारियों को सख्त निर्देश
ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को उपनगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 एवं 4 का दौरा कर नाला निर्माण, सीवर लाइन, सड़क, पेयजल, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मोहिते गार्डन के सामने स्थित नाले में कचरा भरा मिलने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल नाले की सफाई कराकर चैंबर निर्माण के निर्देश दिए और कहा कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव की समस्या न बने।
इसके बाद विनय नगर सेक्टर-03 में चल रहे सीवर कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सफाई ठेलों की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वार्ड-4 के इंद्रा नगर, ओम नगर, श्रीराम विहार कॉलोनी एवं सूरज नगर क्षेत्रों में भी मंत्री ने पहुंचकर सीवर, सड़क, पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलभराव, गंदगी और सीवर जाम की समस्याएं बताईं, जिस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री श्री तोमर ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मोहिते गार्डन का भी निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। संजीवनी क्लीनिक में कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं मिलने पर उन्होंने असंतोष जताया और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री तोमर समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करते रहते हैं और मौके पर ही समस्याओं के समाधान सुनिश्चित कराते हैं।

