भितरवार
खड़ौआ सरपंच वीरु रावत ने राधौगढ़ पहुंचकर किया यात्रा का भव्य स्वागत
भितरवार। महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री अनिरुद्धवन महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही विशाल पदयात्रा में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में श्री धूमेश्वर धाम महाराज श्री के नेतृत्व में धूमेश्वर धाम से उज्जैन महाकाल मंदिर तक विश्व शांति एवं लोक कल्याण की भावना से आनंदमयी पदयात्रा निकाली जा रही है।यात्रा जैसे ही राधौगढ़ पहुंची, वहां भितरवार जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खड़ौआ के सरपंच वीरु रावत ने अपने साथियों के साथ पदयात्रियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं के स्वागत के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर सरपंच वीरु रावत एवं उपस्थित ग्रामीणों ने महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं, जिससे मार्ग में धार्मिक माहौल बना हुआ है।
पदयात्रा का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भावना और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देना है। यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए उज्जैन महाकाल मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान महाकाल के दर्शन कर समापन किया जाएगा।
