दतिया
मंदिर से लौट रहे भाजपा पार्षद की आज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर कौन थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे की है। हत्या के बाद मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने छह लोगों को नामजद किया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा रामलला मंदिर पर दर्शन करने बाद सेवढा चुंगी स्थित चौराहे पर टहलने आए थे। उनके साथ दो लोग और थे, तभी तीन हमलावर वहां आये और उन पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने दो राउंड फायर किए।
एक गोली कल्लू के सिर, दूसरी पीठ में लगी। गोली लगते ही वे गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए।
दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि मृतक कल्लू पर शराब तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे 15 से अधिक क्रिमिनल केस दर्ज थे। मामला वर्चस्व के विवाद से जुड़ा है।
गौरतलब है कि कल्लू कुशवाहा 2022 में वार्ड नंबर-1 से भाजपा के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। 18 फरवरी 2025 को दतिया कोर्ट ने पूर्व पार्षद बाल किशन कुशवाहा की हत्या के मामले में पार्षद कल्लू कुशवाहा समेत छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो कल्लू कुशवाहा को जमानत मिल गई थी। करीब 4 महीने पहले ही वह जेल से बाहर आए थे। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पार्षद कल्लू कुशवाहा की हत्या के बाद नगर पालिका का बजट सम्मेलन स्थगित कर दिया गया। बैठक की शुरुआत में सभी पार्षदों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा। पुलिस ने पार्षद की हत्या में उनके भाई शेरू कुशवाहा की रिपोर्ट पर गोलू कुशवाहा, दानाल का बाग, सुधीर कुशवाहा, हरदौल का मोहल्ला, पंकज उर्फ छोटू कुशवाह, राधासागर
उमेश कुशवाहा, सेवढ़ा चुंगी
साहब सिंह यादव, सिरौल और प्रवीण वाल्मीकि, रिछरा फाटक पर हत्या का मामला दर्ज किया है। वही हत्याकांड में शामिल छोटू उर्फ सुधीर कुशवाहा ब गोलू कुशवाहा के सरेंडर करने की खबर है। हालाँकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नही की है। वही एक आरोपी उमेश कुशवाहा के परिजन का कहना है कि उमेश को झूठा फंसाया गया है। घटना के बक़त वह घर पर था।
