कलेक्टर श्री वानखड़े ने जन सुनवाई के दौरान सुनी 110 से अधिक आवेदकों की समस्याएं

दतिया

दतिया

नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आज मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आए 110 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया। अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जन सुनवाई के दौरान बड़ोनकलां निवासी विनोद शर्मा ने आवेदन दिया कि उनके बड़े भाई कमल किशोर शर्मा का निधन 20/11/2024 को हो गया था। उन्होंने ग्राम के सचिव को अपने भाई के मृत्यु प्रमाण पत्र हेतु दस्तावेज दिए है परंतु आज दिनांक तक उन्हें मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। कलेक्टर ने आवेदन पत्र पर कार्यवाही करते हुए तहसीलदार बड़ौनी को आवेदन निराकरण हेतु सौंपा। भटियारा पुरा दतिया निवासी श्री धु्रवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने रिवाइज पेंशन आदेश जारी करने संबंधी आवेदन दिया कि संभागीय पेंशन कार्यालय ग्वालियर द्वारा रिवाइज पेंशन संबंधी आदेश दिया था जिसकी एक प्रति जिला शिक्षा अधिकारी दतिया को दी थी परंतु आज दिनांक तक रिवाइज पेंशन का आदेश जारी नहीं हुआ है। कलेक्टर द्वारा आवेदन डीईओ दतिया को आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण हेतु सौंपा। सीताराम अहिरवार से. नि. समिति प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दतिया द्वारा सेवा निवृत्त उपरांत के सभी स्वत्व दिलाये जाने संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर द्वारा आवेदन जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दतिया को निराकरण हेतु सौंपा। बड़ौनी निवासी संतोष कोरी पुत्र श्री लल्ला कोरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त प्रदान किये जाने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर द्वारा सीएमओ बड़ौनी को आवेदन नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही हेतु सौंपा। इसी प्रकार जन सुनवाई के दौरान रास्ता अवरूद्ध करने, नाली के पानी की निकासी, वृद्धवस्था पेंशन, सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खाद्यान वितरण, खाद वितरण, आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए जिसके निराकरण हेतु कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए तथा कुछ आवेदकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे सहित सभी जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *