दतिया
भाण्डेर किसान सम्मेलन में 62 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, कृषि व पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर
दतिया, 24 मार्च 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसान देश के भाग्य विधाता हैं और उनकी समृद्धि ही सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और मध्यप्रदेश भी विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री दतिया जिले के भाण्डेर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, पशुपालन, मत्स्य पालन और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। नरवाई प्रबंधन के लिए मशीनों के उपयोग से किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने 62.23 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इनमें सांदीपनि विद्यालय, रतनगढ़ में यात्री निवास और स्टेडियम सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। साथ ही उन्होंने हितग्राहियों को कृषि यंत्र एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए।
उन्होंने घोषणा की कि इस शैक्षणिक सत्र से यशोदा योजना के तहत स्कूली बच्चों को दूध के पैकेट दिए जाएंगे। साथ ही लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में सिंचाई सुविधाएं बढ़ेंगी और किसानों को पलायन नहीं करना पड़ेगा। छोटे किसानों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किराये पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक किसान के खेत पहुंचकर कृषि यंत्रों की जानकारी ली। इस अवसर पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, विधायक प्रदीप अग्रवाल, रघुवीर शरण कुशवाहा, पूर्व विधायक धनश्याम पिरोनिया, कमलापत आर्य, श्रीमती रक्षा संतराम सरोनिया, गजेंद्र सिंह सिकरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
