भितरवार
ग्वालियर जिले के भितरवार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी विधानसभा में लोकतंत्र और संविधान को पूरी तरह ताख पर रख दिया गया है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक मोहन सिंह राठौड़ की पुत्रवधू संगीता राठौड़ बिना किसी शासकीय पद के विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस नियम और प्रोटोकॉल के तहत उन्हें इस तरह के कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि बनाया जा रहा है।
लाखन सिंह यादव ने आरोप लगाया कि यह न केवल प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं का भी खुला मजाक है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 23 मार्च 2026 को “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत जनपद सभागार बरई में आयोजित कार्यक्रम में संगीता राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों व हितग्राहियों को संबोधित करते हुए प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
पूर्व मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में किसी गैर-निर्वाचित व संगठन में भी कोई पद न होने वाले व्यक्ति को मुख्य अतिथि बनाना पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी विधायक के दबाव में काम कर रहे हैं और प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को “डरपोक और पिछलग्गू” बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
लाखन सिंह यादव ने अपने पत्र में यह भी कहा कि इस प्रकार के कृत्यों से उन अधिकारियों और कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश है जो नियमों और मर्यादाओं का पालन करना चाहते हैं। साथ ही, आम नागरिकों में भी इस मुद्दे को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संगीता राठौड़ द्वारा किए जा रहे कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी अधिकारियों को भितरवार क्षेत्र से हटाकर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
वहीं, इस पूरे मामले पर अभी तक विधायक मोहन सिंह राठौड़ या उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले ने क्षेत्र की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इस पर और विवाद बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
क्या कहती अधिकारी
23 मार्च को संकल्प से समाधान अभियान के तहत खंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें मुख्य अतिथि माननीय विधायक मोहन सिंह राठौड़ जी को रखा गया था लेकिन मैं जब कार्यक्रम में पहुंची तो वहां उनकी पुत्रवधू उपस्थित मिली मैंने उनसे जानकारी ली तो मुझे उन्होंने बताया कि विधायक जी भोपाल में किसी अर्जेंट वर्क से व्यस्त हैं इसलिए उनकी पुत्रवधू की मुख्यातिथि में कार्यक्रम आयोजित किया गया आगे से ऐसा नहीं होगा
वंदना जैन एसडीएम घाटीगांव
