भितरवार
अध्यक्ष साहब बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही , गरीब लोगों की सप्लाई बंद कर दी
घाटमपुर के हरिजन मोहल्ले के रहवासियों ने बिजली की समस्या को लेकर रोया दुखड़ा
भितरवार। अध्यक्ष साहब बच्चों की परीक्षा चल रही है तीन दिन से लाइट बंद होने से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही। हम बिजली का बिल भी जमा करते हैं। आधे से ज्यादा वार्ड में बिजली की सप्लाई चालू है। केवल हरिजन बस्ती की लाइट काट दी। बिजली विभाग के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे। हमारी बस्ती की भी बिजली सप्लाई चालू कराएं। यह बात घाटमपुर के कुछ रहवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल से कही। जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड क्रमांक 1 घाटमपुर में हरिजन बस्ती में पिछले तीन दिन से बिजली की समस्या बनी हुई है। और वार्ड में आधी से ज्यादा बस्ती में बिलजी सप्लाई चालू है। हरिजन बस्ती में बिजली सप्लाई बंद किए जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बिजली न मिलने पर लोगों की ऐसी परेशानी की जानकारी मिलने पर शुक्रवार देर शाम को नगर परिषद अध्यक्ष बलदेव अग्रवाल वार्ड क्रमांक 1 घाटमपुर की हरिजन बस्ती में पहुंचे। जहां बस्ती के लोगों ने अध्यक्ष श्री अग्रवाल से कहा कि पिछले तीन दिन से हम अंधेरे में रह रहे हैं। वार्ड के बड़े लोगों की लाइट चालू है, केवल हमारी लाइट काट दी गई है। बिजली विभाग के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे। लाइट न होने से बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे। बच्चों के पेपर चल रहे हैं। लोगों की ऐसी बात सुनकर नगर परिषद अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। और उनसे वार्ड की हरिजन बस्ती की विद्युत सप्लाई पुनः चालू करने की बात कही।
