नल जल योजना के स्थायी संचालन हेतु जलकर समय पर जमा करना अनिवार्य – कलेक्टर पानी के अपव्यय को रोकने और नलों पर टोंटी लगाने किया जागरूक ग्राम ररी शिकारपुरा एवं इकमिलि का किया निरीक्षण

भिंड

भिंड

कलेक्टर भिण्ड ने आज विकासखंड लहार के अंतर्गत ग्राम ररी शिकारपुरा एवं इकमिलि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम ररी शिकारपुरा में नल-जल योजना की स्थिति सराहनीय पाई गई। यह योजना पिछले 2.5 वर्षों से ग्राम पंचायत को हस्तांतरित है और पंचायत द्वारा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। पीएचई विभाग ने अवगत कराया कि ग्राम में खारे पानी की समस्या को ध्यान में रखते हुए गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर नलकूप खनन किया गया है। पाइपलाइन के माध्यम से मीठा पानी ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पेयजल आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की और पेयजल आपूर्ति की निरंतरता के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर कहा कि योजना के स्थायी संचालन हेतु जलकर समय पर जमा करना अनिवार्य है। साथ ही पानी के अपव्यय को रोकने और नलों पर टोंटी लगाने के लिए जागरूक किया। कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपव्यय रोकने से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि योजना की दीर्घायु भी सुनिश्चित होगी। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम इकमिलि पहुंचकर नल-जल योजना का निरीक्षण कर पीएचई विभाग अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना को शीघ्र ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इससे स्थानीय स्तर पर प्रबंधन सुगम हो सकेगा और ग्रामीण स्वयं इसका बेहतर संचालन कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में एसडीएम लहार, पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री, जनपद सीईओ, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *