भिंड
दस्तक अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन दिनांक 17 फरवरी से 19 मार्च 2026 के मध्य किया जाएगा। जिसका जिला स्तर पर शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.एस. यादव द्वारा किया गया, इस मौके पर सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ.आर.एन.राजोरिया तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवधि में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी अपनी सेवाऐं दी जायेंगी। जिसके अन्तर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का विटामिन ए अनुपूरण तथा 6 माह से 5 वर्ष के चिन्हांकित एनीमिक बच्चों का फॉलोअप जांच एवं प्रबंधन किया जायेगा। दस्तक अभियान में प्रत्येक ग्राम में नियमित टीकाकरण के दौरान ए.एन.एम. द्वारा 9 माह से 5 वर्ष तक उम्र के बच्चों को आयु अनुरूप विटामिन ए घोल की खुराक पिलाई जायेगी तथा छूटे हुये बच्चों को विटामिन ए घोल की आयु अनुरूप खुराक नियमित टीकाकरण दिवस के अगले दिन मॉप अप दिवस में घर-घर जाकर अथवा आंगनवाड़ी केन्द्र में एकत्र कर ए.एन.एम. द्वारा पिलाई जायेगी। उक्त अभियान की सतत् मॉनिटरिंग स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जायेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.एस. यादव ने जिले के समस्त हितग्राहियों से अपील की है कि उक्त अभियान में ज्यादा से ज्यादा लाभ प्राप्त करें।
