शिवपुरी
शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवक द्वारा चॉकलेट का लालच देकर दो मासूम बच्चियों से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे सीधे थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे और लोगों के विरोध के बाद देर रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिसके बाद स्थिति शांत हो सकी।
जानकारी के अनुसार फिजिकल थाना क्षेत्र में रहने वाली दो छह वर्षीय बच्चियां मंगलवार शाम अपने घर के बाहर गली में खेल रही थीं। इसी दौरान क्षेत्र का ही युवक बल्लू साहू वहां पहुंचा और बच्चियों को चॉकलेट देने का लालच देकर उनके साथ अश्लील हरकत करने लगा।
घटना के बाद एक बच्ची घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। यह सुनते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद दूसरी बच्ची ने भी युवक की हरकत के बारे में बताया। इसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे थाने ले गए।आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया।
बुधवार को पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
