ग्वालियर
मंत्रियों ने खुद खरीदे अग्निशमन उपकरण, ग्वालियर में तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेला शुरू
ग्वालियर व्यापार मेला परिसर के दस्तकारी हाट (शिल्प बाजार) में रविवार से शुरू हुआ तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेला पहले ही दिन शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बन गया। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचकर आग से बचाव और उसे नियंत्रित करने की तकनीक सीख रहे हैं। मेला 31 मार्च तक जारी रहेगा।
रविवार को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह मेले में पहुंचे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने न केवल अग्निशमन उपकरणों की कार्यप्रणाली समझी, बल्कि खुद उपकरण खरीदकर आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जनप्रतिनिधियों को मेले का भ्रमण कराया और एसडीआरएफ टीम द्वारा आग बुझाने का व्यवहारिक प्रदर्शन कराया।
मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यदि हर घर, प्रतिष्ठान और औद्योगिक इकाई में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध होंगे, तो आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सकेगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे मेले में आकर अग्नि सुरक्षा के उपाय सीखें और अपने उपयोग के अनुसार उपकरण अवश्य खरीदें।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी मेले की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने स्वयं डेमोस्ट्रेशन में भाग लेकर आग बुझाने की प्रक्रिया सीखी और किसानों को भी अग्निशमन यंत्र अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
मेले में एसडीआरएफ टीम द्वारा पानी, बिजली एवं गैस रिसाव से लगने वाली आग को बुझाने के तरीके व्यवहारिक रूप से सिखाए जा रहे हैं। साथ ही अस्पतालों के स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। मेला परिसर में बनाए गए डेमो जोन में लगातार लाइव प्रदर्शन हो रहे हैं।
यहां घरों, दुकानों और औद्योगिक इकाइयों के लिए छोटे से बड़े तक अग्निशमन उपकरण विशेष छूट पर उपलब्ध हैं, जिससे लोग बड़ी संख्या में खरीदारी कर रहे हैं।

