24 घंटे में दो सड़क हादसे नींद बनी जानलेवा, डंपर की टक्कर से एक की मौत, 5 घायल

शिवपुरी

शिवपुरी

शिवपुरी जिले में बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक की जान ले ली, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं में लापरवाही और अनियंत्रित वाहन प्रमुख कारण बनकर सामने आए हैं। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा बुधवार सुबह एनएच-46 पर सुमेला रेलवे ब्रिज के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार जुबेर अहमद, एहराज अहमद और जमाल खान घायल हो गए। तीनों उत्तरप्रदेश के डुमरियागंज से पुणे जा रहे थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद का झोंका आने से कार नियंत्रण से बाहर हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बदरवास स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
दूसरा हादसा तेज रफ्तार डंपर ने ली जान
मंगलवार शाम करैरा थाना क्षेत्र के सुनारी तिराहा के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और एक व्यक्ति डंपर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान इटावा निवासी मंगुआ खटीक के रूप में हुई है, जो गांव-गांव घूमकर बाल खरीदने का काम करता था।
इस हादसे में ई-रिक्शा चालक जसवंत कुशवाह (50) और राधेश्याम माली घायल हुए हैं, जिन्हें करैरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कार्रवाई
करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार, डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए), 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *