अंबाह
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अंबाह की हर-हर महादेव टीम के 10 सदस्यों ने अद्भुत आस्था और समर्पण का परिचय देते हुए 108 ढोलों के साथ चार कांवड़ महज 30 घंटे में अंबाह पहुंचाई। श्रद्धालु गंगा से पवित्र गंगाजल भरकर लाए और अंबाह स्थित किसरौली धाम में 108 शिवलिंगों पर विधिवत जलार्पण किया।
पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। रविवार शाम विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कांवड़ चढ़ाई गई। 108 शिवलिंगों पर गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस कांवड़ यात्रा में अमित व्यास, राहुल तोमर, पिल्ली, कालू थापक, सचिन कटारे, अरविंद समाधिया, लाला कटारे, अमित शर्मा, अमन मिश्रा एवं अंकित शर्मा शामिल रहे। सभी श्रद्धालुओं ने स्वयं कांवड़ भरकर जल लाया और पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब
महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के प्रमुख शिवालयों—जयश्वर महादेव मंदिर, सुखकुटी मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर और कोल्हुआ महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
मंदिरों में रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी और पंचामृत से अभिषेक कर बेलपत्र एवं धतूरा अर्पित किया। भजन-कीर्तन, शिव स्तुति और प्रसाद वितरण के साथ दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
