ग्वालियर
50 प्रकरणों में कार्रवाई, 84 हजार रुपये वसूले; 15 मामले जाएंगे कोर्ट
खाद्य विभाग के साथ संयुक्त अभियान, होटल-ढाबों से लिए सैंपल
शहर में स्वच्छता और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मोबाइल कोर्ट के माध्यम से बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम मजिस्ट्रेट निशांत मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 35 मामलों में मौके पर ही समरी ट्रायल कर जुर्माना वसूला गया, जबकि 15 प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे।
अभियान के तहत नगर निगम और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कुल 84 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान अचलेश्वर स्थित सोहन डेयरी, नई सड़क के शेरे ए पंजाब होटल, डीडी मॉल के पास होटल क्लार्क इन और सिटी सेंटर स्थित रेडिसन होटल पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए। साथ ही इन स्थानों पर गंदगी और अस्थायी अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
बाजारों और सड़कों पर भी कार्रवाई
मोबाइल कोर्ट की टीम ने अचलेश्वर क्षेत्र में शंकर कुल्फी, अन्ना पाव भाजी सहित अन्य दुकानों, महाराज बाड़ा के गांधी मार्केट और सराफा बाजार के दुकानदारों तथा शिंदे की छावनी क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखने पर भी जुर्माना किया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के बाहर गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
इस दौरान नगर निगम के विधि नोडल अधिकारी अनूप लिटोरिया, मदाखलत नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान, मदाखलत अधिकारी सत्येंद्र भदोरिया, स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी गौरव सेन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
