गुना
मोबाइल फोन आज के दौर में केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि इंसान की निजी और व्यावसायिक दुनिया का अहम हिस्सा बन चुका है। इसी संवेदनशीलता को समझते हुए गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले भर से खोजे गए 213 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस लौटाए। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
तकनीकी टीम और CEIR पोर्टल का कमाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस की तकनीकी और साइबर टीम ने गुम हुए मोबाइलों की रिकवरी के लिए भारत सरकार के CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया। पुलिस की इस सक्रियता और तकनीकी दक्षता के कारण ही जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाने में सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय रहते तकनीकी ट्रैकिंग शुरू की जा सके। इस सफलता में साइबर सेल प्रभारी कुलदीप यादव और उनकी टीम के साथ जिले के सभी थानों के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चेहरों पर लौटी खुशी
जब लोगों को महीनों पहले खोए हुए अपने महंगे स्मार्टफोन वापस मिले, तो उनके चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। मोबाइल धारकों ने गुना पुलिस की कार्यप्रणाली की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम में सीएसपी प्रियंका मिश्रा, एसडीओपी विवेक अष्ठाना, दीपा डोडवे, मनोज कुमार झा सहित जिले के कई थानों के निरीक्षक और उपनिरीक्षक मौजूद रहे।
मोबाईल पाने वाले कुछ प्रमुख फरियादी:
पुलिस ने जिन लोगों को मोबाइल सौंपे उनमें मुख्य रूप से मनोज पालीबाल, प्रेमलता चौहान, सुरेन्द्र राजपूत, अवधराज यादव, रति सिंह राजपूत, पूनम केवट, नीरज भील, नितेश धाकड़, रामकृष्ण मगिया, अजय मंडेलिया, लक्ष्मीनारायण अहिरवार, सुनील यादव, बृजेश जाटव, भानू अहिरवार, राजाराम ढीमर, विष्णु प्रजापति, अशोक कुशवाह, प्रवीण सुमन, सुमित प्रजापति, विनोद मेर, दिलीप साहू, रोहित धाकड़, संजू कुशवाह, अभिषेक कुशवाह, महेश गुदेन, रामहेत मीना, पवन शर्मा, हीरालाल पाल, ज्योति जैन, भारत यादव, ग्यारसी बाई सहरिया, शिवराज लोधा, महेन्द्र लोधा, महेशप्रसाद बोहरे, राधेश्याम बंजारा, गोपाल ओझा, गोलू ग्वाल, अभिषेक प्रजापति, करण केवट, सचिन गुर्जर, शिवसिंह कुशवाह, अजलान खान, रामवीर अहिरवार, निहाल यादव, साक्षी शर्मा, कल्याण मातापुरा, राहुल खटीक, अनिकेश कुशवाह, मनीराम यादव और लक्ष्मण यादव शामिल रहे।
