ग्वालियर
फर्जी राजपूत बनकर पेंटर भगा ले गया 18 साल की छात्रा, दूसरों के घरों की फोटो डाल रचा था अमीरी का ढोंग
ग्वालियर (NEWS UPDATE):सोशल मीडिया पर चकाचौंध और दिखावा किस कदर खतरनाक साबित हो सकता है, इसका एक ताजा मामला शहडोल जिले से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर आलीशान घरों के फोटो और वीडियो देखकर शहडोल की एक कॉलेज छात्रा एक युवक के प्यार के जाल में फंस गई।
प्यार का खुमार ऐसा चढ़ा कि छात्रा अपना घर छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई। हालांकि, जब पुलिस ने उसे बरामद किया और सच्चाई सामने आई, तो छात्रा के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिसे वह आलीशान कोठियों का मालिक समझ रही थी, वह असल में घरों में पुताई (पेंटर) और पुट्टी का काम करने वाला निकला।
इंस्टाग्राम पर ‘करण राजपूत’ बनकर बिछाया जाल
मामला शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र का है। यहाँ रहने वाली 18 वर्षीय युवती कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा है। कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती ‘करण राजपूत’ नाम के एक युवक से हुई थी।
युवक ने अपनी प्रोफाइल पर बड़े-बड़े और आलीशान मकानों के सामने खिंचवाई गई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रखी थीं। इन तस्वीरों को देखकर छात्रा को लगा कि युवक बेहद अमीर और ऊंचे घराने का है। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और आरोपी ने छात्रा को पूरी तरह से अपने झांसे में ले लिया।
ग्वालियर से शहडोल पहुंचकर छात्रा को भगाया
जब छात्रा पूरी तरह से युवक के चंगुल में फंस गई, तो आरोपी ने उसे घर से भागने के लिए राजी कर लिया। आरोपी युवक ट्रेन के जरिए ग्वालियर से शहडोल पहुंचा। इसके बाद बस और ऑटो बदलकर वह जैतपुर (शहडोल) पहुंचा, जहाँ छात्रा उसका इंतजार कर रही थी। दोनों वहाँ से चुपचाप फरार हो गए।
छात्रा के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों ने 6 जून को जैतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने सायबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की।
मुरैना में मामा के घर से दस्तयाब हुई छात्रा
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा की लोकेशन ग्वालियर और मुरैना के आसपास मिली। पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत ग्वालियर के लिए रवाना हुई। सटीक लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस ने मुरैना जिले के एक गांव में दबिश दी, जहाँ आरोपी के मामा का घर था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
Shahdol girl instagram fraud
fake id karan rajput gwalior
