शिवपुरी
करेरा में चेकिंग के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा ,नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई
शिवपुरी(हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)-: शिवपुरी जिले के करेरा कस्बे में मंगलवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान उस समय हंगामे जैसी स्थिति बन गई, जब पुलिस द्वारा भाई की बुलेट बाइक पकड़े जाने से नाराज एक युवती पुलिस जीप के बोनट पर जाकर बैठ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक करेरा पुलिस एसडीओपी कार्यालय के बाहर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दीप्ति परिहार अपने भाई के साथ बुलेट बाइक पर वहां पहुंचीं। जांच के दौरान पुलिस ने बाइक में कई यातायात नियमों का उल्लंघन पाया।
पुलिस के अनुसार बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था, जिससे पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी। चालक युवक हेलमेट भी नहीं पहने था। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई से नाराज युवती ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी और विरोध जताते हुए अचानक पुलिस जीप के बोनट पर जाकर बैठ गई। यह नजारा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक अफरा-तफरी और बहस का माहौल बना रहा।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में युवती पुलिस वाहन के बोनट पर बैठी दिखाई दे रही है, जबकि आसपास खड़े लोग तमाशा देखते नजर आ रहे हैं।
पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद युवती बोनट से नीचे उतरी और मामला शांत हुआ।
मामले में पुलिस अधिकारी विनोद छावई ने बताया कि बाइक चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया था। वाहन में नंबर प्लेट नहीं थी, मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और चालक बिना हेलमेट वाहन चला रहा था। इसी आधार पर चालानी कार्रवाई की गई है। जुर्माने से संबंधित अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।
