बाबा साहब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर कांग्रेस ने किया माल्यार्पण, दी श्रद्धांजलि

ग्वालियर

ग्वालियर

बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए कांग्रेस हमेशा समर्पित:सुरेन्द्र यादव


संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान फूलबाग स्थित अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जयंती के उपलक्ष्य में निकाले गए चल समारोह का द्वारकाधीश मंदिर, थाटीपुर पर स्वागत कर फल वितरण किया गया। साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर सुरेन्द्र यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने भारतीय लोकतंत्र में जनमत को सर्वोपरि स्थान दिया। उन्होंने समाज में भेदभाव समाप्त करने, पंचायती एवं नगरीय निकाय व्यवस्था को सशक्त बनाने, मानवाधिकारों की रक्षा करने तथा महिलाओं, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब के योगदान के कारण भारत का संविधान विश्व के श्रेष्ठ संविधानों में शामिल है और देश का लोकतंत्र मजबूत बना है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में कुछ शक्तियां संविधान के मूल सिद्धांतों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, जिसे बाबा साहब के विचारों पर चलकर ही रोका जा सकता है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, डॉ. देवेन्द्र शर्मा, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *