ग्वालियर
बिरला नगर अस्पताल में सी-आर्म मशीन की शुरुआत, जटिल सर्जरी अब स्थानीय स्तर पर संभव
लोकार्पण के साथ ही पहला सफल ऑपरेशन, मरीजों को बड़ी राहत
उपनगर ग्वालियर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिरला नगर सिविल अस्पताल एवं प्रसूति गृह में अत्याधुनिक ‘सी-आर्म मशीन’ की शुरुआत की गई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को मशीन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर नागरिक को सुलभ, आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक के समावेश से अब क्षेत्र के लोगों को जटिल सर्जरी और उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि सी-आर्म मशीन एक मोबाइल मेडिकल इमेजिंग डिवाइस है, जो सर्जरी के दौरान रियल-टाइम एक्स-रे (फ्लोरोस्कोपी) छवियां प्रदान करती है। इसका उपयोग विशेष रूप से ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी और यूरोलॉजी सर्जरी में किया जाता है, जिससे उपचार की सटीकता और सफलता दर में वृद्धि होती है।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, सिविल अस्पताल बिरला नगर के अधीक्षक डॉ. जे.के. मसोरिया, डॉ. ए.के. खरे, डॉ. हरेंद्र सिंह तोमर, डॉ. वरुण पाठक सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
लोकार्पण के साथ ही पहला सफल ऑपरेशन
सी-आर्म मशीन के शुभारंभ के तुरंत बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा अस्थि रोग से पीड़ित एक मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। इससे अब अस्पताल में उन्नत सर्जिकल सेवाओं की शुरुआत हो गई है, जिससे क्षेत्रीय मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
