श्योपुर
अज्ञात चोरो ने दिया अंजाम, कोतवाली थाने में की शिकायत
श्योपुर। सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर में दो अलग अलग स्थानो पर बीती रात्रि में चोरी की वारदात घटित हुई है जहां से अज्ञात चोरो ने ताले तोड़कर लाखो रूपये के सोने चांदी के जेवरात समेत नगदी चुरा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहंुचकर मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना ढेंगदा वन चौकी परिसर स्थित वनकर्मी दिनेश कुमार के आवास पर हुई जहां दिनेश कुमार अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। वे घर से लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य की 10 ग्राम सोने की चेन, 50 हजार रुपए मूल्य की 5 ग्राम सोने की अंगूठी और एक जोड़ी चांदी की पायल चुरा ले गए। सुबह चौकी के अन्य स्टाफ ने टूटा ताला देखकर घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। दूसरी चोरी चैनपुरा निवासी कमलेश मेरोठा के घर में हुई। बताया गया कि रात में इलाके में बिजली गुल थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ा। परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, इसलिए उन्हें चोरी का पता नहीं चला। चोर घर से करीब 70 हजार रुपये नगद, पांच चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया, लगभग 250 ग्राम की चांदी की पायल और चार सोने के मोती लेकर फरार हो गए। सुबह जागने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी टीआई सत्यम गुर्जर ने घटनास्थल का मुआयना किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। वन विभाग के रेंजर राघवेंद्र भदौरिया ने भी वनकर्मी के आवास पहुंचकर घटना की जानकारी ली। शहर में लगातार हो रही चोरियों से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
