निगमायुक्त संघ प्रिय ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण

ग्वालियर

ग्वालियर

समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कन्वेंशन सेंटर, आवास निर्माण और सचिन तेंदुलकर मार्ग का लिया जायजा
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कटारे फार्म हाउस, गोला का मंदिर क्षेत्र में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार कन्वेंशन सेंटर का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके पश्चात उन्होंने सिरोल की फूटी कॉलोनी में निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि आवासों के लिए विद्युत सब स्टेशन का कार्य समय पर प्रारंभ कराया जाए। साथ ही ठेकेदार को दो माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा का पालन न होने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
निगमायुक्त ने सचिन तेंदुलकर मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सीसी रोड निर्माण के लिए डामर एवं गिट्टी की परत हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही चाणक्यपुरी नाला एवं मुरार नदी में जल निकासी के लिए सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
बताया गया कि कुलसचिव निवास से सिरोल चौराहा तक लगभग 2460 मीटर लंबी सड़क का निर्माण स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत किया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था के तहत सड़क के दोनों ओर पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिसमें हर 30 मीटर पर चेंबर बनाए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। कुछ स्थानों पर खुली नाली की भी व्यवस्था की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *