माधव राव सिंधिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य उद्घाटन, सिंधिया स्कूल की शानदार जीत

ग्वालियर

ग्वालियर

उद्घाटन मुकाबले में 9 विकेट से जीत, यशवर्धन की तूफानी पारी से बना नया कीर्तिमान
ग्वालियर। सिंधिया स्कूल द्वारा आयोजित 21वीं माधव राव सिंधिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ब्रास बैंड की मधुर धुनों और मशाल प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का आगाज़ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल के प्राचार्य अजय सिंह उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता 31 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें दून स्कूल, राजकुमार कॉलेज, जेनेसिस ग्लोबल स्कूल, पंजाब पब्लिक स्कूल, यादवेन्द्र पब्लिक स्कूल, डेली कॉलेज एवं मेजबान सिंधिया स्कूल शामिल हैं।
अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य अजय सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि यह मित्रता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, सौहार्द्र, एकजुटता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता जैसे जीवनोपयोगी गुण सिखाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि खिलाड़ी इस यात्रा में सच्चे मित्र बनाएं।
उद्घाटन मैच में सिंधिया स्कूल की धमाकेदार जीत
माधव मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में सिंधिया स्कूल ने राजकुमार कॉलेज को 9 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजकुमार कॉलेज की टीम 164 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से वेदांश खेड़िया (44 रन) और ईशान शर्मा (46 रन) ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। सिंधिया स्कूल की ओर से सारांश ने 3 विकेट और आर्चित ने 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिंधिया स्कूल ने मात्र 11.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के नायक यशवर्धन सिंह चौहान रहे, जिन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 110 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने एक ही ओवर में लगातार 6 छक्के लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
दूसरे मैच में दून स्कूल की जीत
ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में दून स्कूल ने जेनेसिस ग्लोबल स्कूल को 3 विकेट से हराया। जेनेसिस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 107/8 रन बनाए, जिसमें अर्जुन ने 64 रन की पारी खेली। जवाब में दून स्कूल ने 19.3 ओवर में 108/7 रन बनाकर मैच जीत लिया। जय राणा (31 रन) और हृदान (15 रन) ने जीत में अहम योगदान दिया।
तीसरे मैच में डेली कॉलेज की बड़ी जीत
माधव मैदान पर खेले गए तीसरे मुकाबले में डेली कॉलेज ने यादवेन्द्र पब्लिक स्कूल को 89 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डेली कॉलेज ने 20 ओवर में 202 रन बनाए, जिसमें सोमनिक शर्मा (47 रन) और हार्दिक शर्मा (42 रन) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यादवेन्द्र पब्लिक स्कूल की टीम 20 ओवर में 113 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शौन्य सलाथिया (53 रन) और अनहद सिंह संधू (31 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। डेली कॉलेज की ओर से रणविजय सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जो जीत में निर्णायक साबित हुए।
टूर्नामेंट के पहले दिन ही रोमांचक मुकाबलों और शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया। आने वाले दिनों में और भी कड़े मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *