हाथ में बंदूक, बेटी को लेडी तानाशाह बना रहा सनकी किम जोंग उन

देश विदेश

प्योंगयांग

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की एक नई तस्वीर सुर्खियों में है। इसमें वे अपनी बेटी के साथ पिस्टल चलाते नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में पिस्तौल दिख रहा है। लोकल मीडिया ने कहा है कि उत्तर कोरिया के नेता ने हथियारों को बहुत बढ़िया बताया है। हालांकि सरकारी मीडिया रिपोर्ट में किम जोंग उन की बेटी के उनके साथ फैक्ट्री जाने का जिक्र नहीं किया था, लेकिन तस्वीरों में उन्हें उत्तर कोरिया के दूसरे सीनियर अधिकारियों के साथ पिस्टल चलाते हुए दिखाया गया था।
किम जोंग उन की बेटी का नाम किम जू ए है जो अभी सिर्फ 13 साल की हैं। लेकिन उन्हें अपने तानाशाह पिता के साथ अब ज्यादातर समारोह में देखा जाता है। बताया जा रहा हैं कि किम जू ए ही अपने पिता की वारिस बनने वाली हैं। ये तस्वीरें एक हल्के हथियारों की फैक्ट्री की जांच के दौरान ली गई हैं। खबर है कि न्यूक्लियर हथियारों पर सालों तक फोकस करने के बाद किम जोंग उन अब पारंपरिक सेना को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
किम जू ए पहली बार नवंबर 2022 में सार्वजनिक समारोह में दिखाई दी थीं। उसके बाद से वे अपने पिता के साथ फैक्ट्री ओपनिंग और मिलिट्री डिस्प्ले जैसे कई कार्यक्रम दिखाई दी हैं। पिछले साल सितंबर में वह अपने पिता के साथ बीजिंग भी गई थीं जहां उत्तर कोरिया के लीडर की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ छह साल में पहली समिट हुई थी। खबर है कि पिस्टल फैक्ट्री के अपने दौरे के दौरान पिता-बेटी की जोड़ी ने एक टेस्ट लॉन्च देखा। सरकारी मीडिया ने इसे नेवल डिस्ट्रॉयर से न्यूक्लियर-कैपेबल क्रूज मिसाइल बताया है।
पिछले महीने रिपोर्ट में उन्हें एक स्नाइपर राइफल की टेस्टिंग करते हुए दिखाया गया था। ऐसा तब हुआ था जब उनके पिता सीनियर अधिकारियों को हथियार दिखा रहे थे। बता दें कि किम जू ए किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू की इकलौती संतान हैं, जिनके बारे में सार्वजनिक जानकारी है। हालांकि दक्षिण कोरिया की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (एनआईएस) का मानना है कि उनका एक बड़ा बेटा भी है, लेकिन जोंग उन ने कभी इस बात को नहीं माना। नॉर्थ कोरिया की सरकारी मीडिया में भी उनके बेटे का कोई जिक्र नहीं मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *