सिंधिया ने बल्ला थामकर,किया क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

ग्वालियर

ग्वालियर

कैट के तीन दिवसीय टूर्नामेंट में महिला टीमों को भी मिला मौका, सिंधिया बोले—दर्शक अब मैदान में खेल का रोमांच लेंगे

ग्वालियर के ऐतिहासिक कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया।
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि जो व्यापारी पहले क्रिकेट के दर्शक बनकर मैच का आनंद लेते थे, अब वे खुद मैदान में उतरकर क्रिकेट के रोमांच का अनुभव करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य और टीम भावना को मजबूत करने का भी माध्यम है।
केंद्रीय मंत्री ने आयोजन के लिए कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि महिला टीमों को शामिल करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में यदि पुरुषों की 8 टीमें खेलें तो महिलाओं की भी 8 टीमें मैदान में उतरें और क्रिकेट में प्रोफेशनल बॉल का उपयोग किया जाए, जिससे खेल का स्तर और बेहतर हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली 12 टीमों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किए। इस मौके पर मुख्य संयोजक आकाश जैन, स्वागत अध्यक्ष रीतेश गुप्ता ‘मोनू’ और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संभागीय अध्यक्ष दीपक पमनानी ने किया। टूर्नामेंट में किन टीमों के बीच मुकाबले होंगे, इसका ड्रा भी सिंधिया द्वारा निकाला गया।
इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान डबरा महिला टीम और ग्वालियर महिला टीम के बीच खेले जा रहे मैच में सिंधिया ने बाउंड्री भी बढ़वाई और बाद में व्यापारियों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला तथा छक्के भी लगाए।
अपने संबोधन में सिंधिया ने कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मैदान क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने याद दिलाया कि सचिन तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर का ऐतिहासिक 200 रन का रिकॉर्ड इसी मैदान पर बनाया था। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि इस ऐतिहासिक मैदान को नमन करते हुए ही मैच की शुरुआत करें।
कार्यक्रम में संयोजक अंशुल गुप्ता, राहुल अग्रवाल, विकास गुप्ता, अंकुर महेश्वरी, मुकेश अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, सचिन राजपूत, रीना गांधी सहित कैट के कई पदाधिकारी और व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *